बिहार के वैशाली जिला के औद्योगिक थाना क्षेत्र के राजपूत कॉलोनी स्थित भवानी चौक सब्जी मंडी के पास बुधवार की दोपहर कोलकाता के रहने वाले युवक ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फांसी के फंदे से शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा दिया है।
बंगाल का रहने वाला था मृतक
मृतक कि पहचान पश्चिम बंगाल राज्य के पूर्वस्थली थाना वर्धमान निवासी जौहर लाल मजूमदार के पुत्र आकाश मजूमदार के रूप में हुई है। मौत की सूचना मृतक के दोस्त ने परिजनों को दी। जानकारी के अनुसार मृतक आकाश पिछले दो महीने से रजिस्ट्री ऑफिस में नोवाटेक कंपनी के माध्यम से काम कर रहा था।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
बुधवार को दोपहर काम करने के दौरान मृतक ने अपने दोस्त को कहा कि मेरा तबीयत कुछ ज्यादा खराब लग रहा है। जिसके बाद दोस्त ने उसे रूम पर जाने के लिए कहा। कुछ देर बाद आकाश के पिता ने उसके दोस्त को फोन कर कहा कि मेरे पुत्र का किसी लड़की से झगड़ा हुआ है और वह फांसी लगाने की धमकी दे रहा है। यह बात सुनते ही मृतक का दोस्त काम छोड़ कर किराए के मकान पर गया। वहां देखा तो आकाश मजूमदार फांसी के फंदे पर लटका था। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी।
ये भी पढ़ें:
समस्तीपुर में जमीन कारोबार की लड़ाई में हुई थी शिक्षक की हत्या, हत्यारों ने मारी 13 गोली
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, स्थानीय थाने की पुलिस ने बताया है कि एक रूम से शव को बरामद किया गया है, जिसे कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदस अस्पताल भेज दिया गया है। परिवार वालों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद परिवारवालों को शव सौंप दिया जाएगा।