वैशाली जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बलिगांव थाना क्षेत्र के चिकनौटा बैंक चौक के पास बांस लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने ताजपुर-मुजफ्फरपुर हाईवे जाम कर मुआवजे की मांग की।
मृतकों की पहचान बलिगांव थाना क्षेत्र के बेला दरगाह गांव निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद फैयाज, जो मोहम्मद अता करीम के पुत्र थे, और 25 वर्षीय मोहम्मद राजा, जो मोहम्मद जकी के पुत्र थे, के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।
ताजपुर से लौटते समय हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद फैयाज और मोहम्मद राजा समस्तीपुर के ताजपुर से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरपुर-ताजपुर मुख्य मार्ग स्थित चिकनौटा बैंक चौक के पास बांस लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। परिजन दोनों को ताजपुर के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें-
Bankipur Vidhan Sabha : प्रशांत किशोर बांकीपुर से जन सुराज प्रत्याशी; भाजपा के सामने खुद उतरे, CM भी निशाने पर
मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने ताजपुर-मुजफ्फरपुर हाईवे जाम कर प्रशासन से मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर बलिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
बलिगांव थानाध्यक्ष रामनिवास कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। फरार चालक और वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है। जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।