वैशाली के बिदुपुर में तेजस्वी यादव ने खरगे के बयान पर भाजपा की राजनीति को मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला बताया। उन्होंने बिहार में अपराध, बेरोजगारी, पलायन, बाढ़ और किसानों की समस्याओं को लेकर एनडीए सरकार पर हमला बोला।
वैशाली जिले के बिदुपुर पहुंचे बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी पर जारी सियासत के बीच भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को बेवजह तूल दे रही है और बात का बतंगड़ बना रही है। भाजपा को बिहार के लोगों की असल समस्याओं से कोई मतलब नहीं है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा का ध्यान न तो रोजगार पर है, न कमाई पर, न दवाई पर, न पढ़ाई पर और न ही सिंचाई पर। भाजपा सिर्फ बयानबाजी कर लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि बिहार के युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और पलायन करने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के पास रोजगार देने की कोई ठोस योजना नहीं है। बिहार पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है और खजाने की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों को पूरी तरह विफल बताया।
डबल इंजन सरकार फेल : तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने डबल इंजन सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह एनडीए की सरकार है, फिर भी बिहार को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लिए क्या किया? उन्होंने कहा कि बिहार हर साल बाढ़ से तबाह होता है। लाखों लोग बेघर होते हैं और किसानों की फसल बर्बाद हो जाती है, लेकिन केंद्र सरकार बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं करती और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा तक नहीं मिलता। किसान परेशान हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।