फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: सीतामढ़ी के बेलसंड में भूमि विवाद की जांच करने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, दरोगा जख्मी; दो गिरफ्तार

Mon, 01 Jun 2026 07:38 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतामढ़ी

सार

सीतामढ़ी के बेलसंड में भूमि विवाद की जाँच करने गई पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
घायल दरोगा की तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड संख्या 03 में सोमवार को भूमि विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस दौरान जांच का नेतृत्व कर रहे सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव किया, दरोगा की वर्दी फाड़ दी और उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बेलसंड थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह रविवार दोपहर करीब 12:15 बजे सशस्त्र बल और होमगार्ड जवानों के साथ वार्ड संख्या 03 निवासी गणेश प्रसाद के आवेदन पर भूमि विवाद की जांच करने पहुंचे थे। पुलिस टीम ने विवादित मकान निर्माण को लेकर दूसरे पक्ष के शिवजी भगत से पूछताछ की और जमीन की कानूनी नापी कराने की सलाह दी।

इसी दौरान शिवजी भगत अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि उसने अपने बेटे सिंकू कुमार, पत्नी प्रमिला देवी और वार्ड संख्या 02 निवासी सतीश कुमार के साथ मिलकर पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान एक ईंट सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह की कमर पर लगी, जिससे वे घायल हो गए। आरोपियों ने उनकी वर्दी पकड़कर खींची, जिससे शर्ट के बटन टूट गए। छीना-झपटी के दौरान उनके हाथ में भी गंभीर चोट आई।

विज्ञापन


पढ़ें:  तेजस्वी यादव को यह क्या संदेश दे रहा राजद कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर? लालू के साथ रोहिणी और यह मैसेज!

स्थिति बिगड़ती देख घायल सब-इंस्पेक्टर ने वायरलेस के जरिए बेलसंड थाना को अतिरिक्त बल भेजने की सूचना दी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और महिला होमगार्ड मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी घर का दरवाजा बंद कर छत के रास्ते भागने लगे। पुलिस ने घर की घेराबंदी कर दी।

घेराबंदी के दौरान प्रमिला देवी को घर के अंदर से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सतीश कुमार को छत के रास्ते भागते समय पुलिस ने दबोच लिया। वहीं मुख्य आरोपी शिवजी भगत और उसका पुत्र सिंकू कुमार फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घायल सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल बेलसंड ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

बेलसंड थानाध्यक्ष जंगो राम ने बताया कि घायल अधिकारी के लिखित आवेदन पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और वर्दी फाड़ने समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार प्रमिला देवी और सतीश कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें