शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के परसौनी बैज गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव के पास बने बांध के किनारे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान गांव के ही ललन प्रसाद श्रीवास्तव के 42 वर्षीय बेटे गुड्डू कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। गुड्डू गांव में घूम-घूमकर बिजली ठीक करने का काम करता था। बताया गया कि वह गुरुवार शाम से लापता था। परिजन रातभर उसे ढूंढते रहे, लेकिन कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने जब बस के पास झाड़ियों में देखा तो वहां शव पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी तुरंत गांव के मुखिया भाग नारायण साह को दी गई और फिर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पिपराही थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के गले में गमछा लिपटा हुआ था और सिर पर चोट के निशान थे। शरीर के कुछ हिस्सों से खून भी निकल रहा था। लोगों ने बताया कि गुड्डू एक मेहनती और मिलनसार युवक था। उसकी शादी नहीं हुई थी और वह अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल करता था। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मां पर तो जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह भी पढ़ें: मुंगेर में पानी के तेज बहाव में बह गया डायवर्सन, आवागमन ठप; कई स्कूली बच्चे फंसे
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि यह हत्या है या आत्महत्या, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।