मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली के सहदेई थानाक्षेत्र के पोहीयार पोखर के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान तिसीऔता थानाक्षेत्र के महथी धर्मचंद गांव निवासी मिथुन पासवान (पुत्र राजेंद्र पासवान) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात मिथुन अपनी बहन के घर लोदीपुर हसनपुर, महनार थानाक्षेत्र से भोज खाकर लौट रहे थे। पोहीयार पोखर के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर के कारण मिथुन पोखर के गहरे पानी में जा गिरे। रविवार की सुबह स्थानीय लोगों ने शव को पानी में तैरता हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
घटना की सूचना पर सहदेई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवारवालों को सौंप दिया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि की है कि यह मौत सड़क दुर्घटना के कारण हुई है।
इधर, मिथुन की मौत से उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मिथुन की बहन, जिनके घर वह भोज में शामिल होने गए थे, इस घटना के बाद से सदमे में हैं। यह दुर्घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे उचित लाइट और सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से इस प्रकार की दुर्घटनाएं हो रही हैं।