बिहार बोर्ड का 10वीं का रिजल्ट आने के कुछ ही समय बाद वैशाली जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के देसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जाफराबाद गांव में एक 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान निशांत कुमार पासवान की पुत्री ईशा कुमारी के रूप में हुई है। ईशा हाल ही में जारी 10वीं परीक्षा के नतीजों से संतुष्ट नहीं थी, और इसी तनाव में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
खिड़की से झांकने पर दिखा फंदे पर झूलता शव
परिजनों के अनुसार, परीक्षा परिणाम के दिन से ही ईशा मानसिक रूप से परेशान दिख रही थी। उसका रिजल्ट सेकंड डिवीजन में आया था, जिसे लेकर वह उदास थी। बुधवार को वह अपने कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजन चिंतित हुए और आवाज लगाई, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो ईशा फंदे से लटकी हुई मिली।
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: बेगूसराय नगर निगम कार्यालय में सेंधमारी, कंप्यूटर सिस्टम और सीपीयू चोरी; महत्वपूर्ण डाटा पर संकट
पुलिस ने रास्ते में रोका शव, पोस्टमार्टम के बाद सौंपा
घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजन बिना किसी औपचारिक सूचना के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। इसी बीच सूचना मिलने पर देसरी थाना पुलिस ने रास्ते में ही शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिवार में गम का माहौल
ईशा चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। पिता ने बताया कि बेटी पढ़ने-लिखने में ठीक थी और परिवार में कोई झगड़ा या विवाद भी नहीं था। लेकिन रिजल्ट आने के बाद वह गुमसुम रहने लगी थी और खुद से बातें करने लगी थी। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: दिनदहाड़े शिक्षक की हत्या, सुबह साइकिल से स्कूल जा रहे थे, अपराधियों ने सिर में गोली मारी
पुलिस कर रही मामले की जांच
देसरी थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी की मौत आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों पर पढ़ाई का दबाव और परीक्षा परिणाम को लेकर अत्यधिक चिंता कहीं न कहीं मनोवैज्ञानिक तनाव का कारण बन रही है।