झारखंड और राजस्थान के बीच अब रेल यात्रा और भी आसान हो गई है। रेलवे ने गोड्डा और दौराई (अजमेर) के बीच एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने का ऐलान किया है। यह ट्रेन देवघर, जसीडीह, झाझा, किउल, नवादा, गया और डीडीयू जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 19603/19604 दौराई-गोड्डा-दौराई एक्सप्रेस का नियमित परिचालन दौराई से हर रविवार और गोड्डा से हर मंगलवार को किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 19603 दौराई से हर रविवार दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी। यह दिल्ली, डीडीयू, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, गया, तिलैया, नवादा, शेखपुरा, किउल, झाझा, जसीडीह, देवघर जैसे स्टेशनों से होते हुए सोमवार रात 10:20 बजे गोड्डा पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 19604 गोड्डा से हर मंगलवार सुबह 5:00 बजे चलेगी। यह देवघर, जसीडीह, झाझा, किउल, शेखपुरा, नवादा, तिलैया, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू और दिल्ली समेत कई स्टेशनों से गुजरते हुए बुधवार शाम 5:20 बजे दौराई पहुंचेगी।
पढे़ं: दो लाख के इनामी फरार नक्सली भोला कोरा ने किया आत्मसमर्पण, एसपी सैयद इमरान मसूद के समक्ष किया सरेंडर
इस ट्रेन में कुल 19 डिब्बे होंगे, जिनमें द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के दो, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के तीन, तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के तीन, शयनयान श्रेणी के सात और साधारण श्रेणी के चार कोच शामिल होंगे।
यह नई ट्रेन झारखंड और बिहार को राजस्थान से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। इससे ना केवल धार्मिक और पर्यटन स्थलों जैसे देवघर और गया तक पहुँचना आसान होगा, बल्कि व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन सांस्कृतिक और आर्थिक जुड़ाव को भी मजबूती देगी।