मोतिहारी जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल के किचन से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान एकडेरवा निवासी धीरज कुमार की पत्नी रागनी के रूप में हुई है।
मृतका के भाई प्रेम ने अपने जीजा पर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम जीजा का फोन आया था, जिसमें उन्होंने कहा कि “तुम घर आ जाओ, तुम्हारी बहन बहुत झगड़ा कर रही है।” इसके बाद शनिवार सुबह जब वह बहन के घर पहुंचे तो देखा कि रागनी किचन में मृत अवस्था में जली पड़ी है।
पढ़ें: सीवान में सनसनीखेज चोरी: गेट काटकर लाखों के गहने पार, विरोध करने पर स्टाफ पर जानलेवा हमला
प्रेम के अनुसार, वर्ष 2014 में रागनी की शादी बड़े धूमधाम से हुई थी। शुरुआती वर्षों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन धीरज के छोटे भाइयों की शादी के बाद रागनी को ताने मिलने लगे। अक्सर कहा जाता था कि तुम्हारे मायके से कुछ नहीं आया, देखो यहां से कितना सामान आया है, तुम भी मायके से मंगाओ। इन्हीं बातों को लेकर उसे मानसिक और भावनात्मक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
भाई ने आरोप लगाया कि रागनी को ससुर, सास और देवरों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। घटना के बाद घरवालों ने पहले पुलिस को सूचना देने से रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पहाड़पुर थाना को इसकी जानकारी दी। इधर, पुलिस ने मृतका के पति धीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।