फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: वैशाली में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-टेंपो की टक्कर में दो मजदूरों की मौत; पांच लोग गंभीर घायल

Fri, 02 Oct 2026 07:13 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली

सार

वैशाली के तीसीऔता थाना क्षेत्र में महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक और सीएनजी टेंपो की टक्कर में दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
घायल इलाजरत सदर अस्पताल में
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वैशाली जिले के महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर तीसीऔता थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और सीएनजी टेंपो के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में टेंपो सवार दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।

रोजी-रोटी की तलाश में गए थे हरियाणा, घर लौटने से पहले छिन गई सांसें

विज्ञापन

पुलिस और स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो पर सवार सभी सात लोग प्रवासी मजदूर थे, जो हरियाणा में रहकर मजदूरी करते थे। त्योहार के मौसम और पारिवारिक कारणों से वे सभी अपने घर लौट रहे थे। किसी को इस बात का अंदेशा नहीं था कि घर की दहलीज पार करने से पहले ही यह सफर उनका अंतिम सफर साबित होगा।

इस वीभत्स हादसे में जान गंवाने वाले एक मृतक की पहचान तीसीऔता थाना क्षेत्र के डभइत गांव निवासी 25 वर्षीय अमरजीत मांझी, पिता सुकेशर मांझी, के रूप में हुई है। अमरजीत पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके घर में तीन साल की एक मासूम बेटी है और सबसे दुखद पहलू यह है कि महज 15 दिन पहले ही उनके घर एक नवजात बेटे ने जन्म लिया था। 

ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटनास्थल के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था, जिसके पिछले पहिए की स्टेपनी बदली जा रही थी। इसी दौरान पीछे से यात्रियों को लेकर आ रहा सीएनजी टेंपो उक्त वाहन को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि इसी क्रम में सामने या बगल से आ रहे एक अन्य अज्ञात ट्रक ने टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया और चालक वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

हालांकि, स्थानीय नागरिकों के इन दावों की पुलिस ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल पर खड़े संदिग्ध ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।

टेंपो में कुल सात लोग थे सवार, घायलों में चालक भी शामिल

विज्ञापन

दुर्घटनाग्रस्त सीएनजी टेंपो में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में जिन पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, उनमें शंभू मांझी (50 वर्ष), पिता लखनदेव मांझी, सुकुल मांझी (50 वर्ष), पिता दशरथ मांझी और नीतीश कुमार (19 वर्ष), पिता रामजी सहनी, निवासी बांदे बिशनपुर, थाना पटोरी, जिला समस्तीपुर, शामिल हैं। इसके अलावा टेंपो चालक लक्ष्मण राय (40 वर्ष), जो डभइत गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं, वे भी इस हादसे में घायल हुए हैं। चालक हाजीपुर से इन यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य की ओर आ रहा था।

ये भी पढ़ें- ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’: महागठबंधन के नेताओं ने मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, दीपंकर बोले- लड़ाई जारी रहेगी

प्रशासनिक कार्रवाई और यातायात व्यवस्था
हादसे की सूचना मिलते ही तीसीऔता थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को त्वरित राहत पहुंचाते हुए इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इस भीषण दुर्घटना के कारण महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर कुछ घंटों के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। तीसीऔता थाना पुलिस का कहना है कि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें