Bihar: मुजफ्फरपुर में पूर्व वार्ड सदस्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मृतक की पत्नी का कहना है कि उसके पति को काम दिलाने के बहाने हरियाणा बुलाया। वहां होली के दिन उनकी बुरी तरह पिटाई की गई। आइये पूरा मामला समझते हैं।
मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत के करैला गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूर्व वार्ड सदस्य मिथिलेश राम (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ पड़ोसियों ने उन्हें हरियाणा बुलाकर मारपीट की, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
पत्नी का आरोप
मृतक की पत्नी ने बताया कि एक माह पूर्व गांव के पड़ोसियों ने मिथिलेश राम को काम दिलाने के बहाने हरियाणा बुलाया। वहां होली के दिन उनकी बुरी तरह पिटाई की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी छाती पर खड़े होकर हमला किया, जिससे उनकी कई पसलियां टूट गईं। किसी तरह जान बचाकर मिथिलेश घर लौटे, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां कुछ ही घंटे में उनकी मौत हो गई। पत्नी ने गांव के ही राजकुमार राम, अनिल राम, प्रवीण राम और गायघाट प्रखंड के असिया गांव निवासी राजा राम पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस की कार्रवाई
पियर थाना के प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।