रेल पुलिस ने हाजीपुर स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए डिब्रूगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस से 1869 किलोग्राम विदेशी पोस्ता दाना बरामद किया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत स्थानीय बाजार में करीब 40 लाख 94 हजार रुपये आंकी गई है।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) हाजीपुर ने सीआईबी सोनपुर और मुजफ्फरपुर कस्टम विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कस्टम विभाग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर 15933 अप डिब्रूगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस की हाजीपुर स्टेशन पर तलाशी ली गई।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचते ही पार्सल बोगी को वाणिज्य विभाग हाजीपुर के सीसी राजीव रंजन चौधरी और वर्किंग ट्रेन मैनेजर वीरेंद्र कुमार (मुख्यालय बरौनी) की मौजूदगी में खोला गया। जांच के दौरान दीमापुर से मुरादाबाद के लिए बुक किए गए कई बिल्टी नंबरों के तहत लगभग 30 बोरे में कुल 1869 किलो विदेशी पोस्ता दाना बरामद हुआ।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर में इंटर परीक्षा के बाद बवाल, छात्र को गोदाम से खींचकर पीटा; पुलिस जांच में जुटी
पूरी कार्रवाई आरपीएफ थाना अध्यक्ष साकेत कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में कस्टम अधीक्षक सुदामा कुमार, निरीक्षक अनूप कुमार तथा आरपीएफ के नर्सिंग यादव, चंद्रशेखर कुमार और पवन कुमार शामिल थे।
जब्त पोस्ता दाना की कीमत 2300 रुपये प्रति किलो के हिसाब से लगभग 40.94 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में कस्टम विभाग ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।