मुजफ्फरपुर जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब चोर सिर्फ बाइक ही नहीं, बल्कि कार और एसयूवी भी चोरी करने लगे हैं। ताजा मामला काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के आम गोला नाका रोड का है, जहां चोरों ने रात के अंधेरे में एक स्कॉर्पियो चुरा ली। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कैसे हुई चोरी?
चोरी हुई स्कॉर्पियो के चालक रामसिंहासन यादव ने बताया कि वे रात में अपने मालिक के एक रिश्तेदार को अस्पताल पहुंचाने के बाद घर लौटे थे। थकान के कारण वे गाड़ी खड़ी कर सो गए। सुबह उठे तो स्कॉर्पियो गायब थी। पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन जब गाड़ी नहीं मिली, तो उन्होंने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। इसमें साफ दिखा कि चोर उनकी गाड़ी लेकर फरार हो चुके थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीड़ित चालक ने काजी मोहम्मदपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में भी चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि चोरी हुई स्कॉर्पियो जल्द ही बरामद कर ली जाएगी।