बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में पाकिस्तानी इनामी आतंकी के घूमने की चर्चा ने सनसनी फैला दी है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दे रहा है, जिसका हुलिया आतंकी जैसा बताया जा रहा है। इस सूचना के बाद जिला पुलिस अलर्ट पर है और इलाके में सघन जांच और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पटना सिविल कोर्ट में बम की सूचना से हड़कंप, पुलिस अलर्ट पर
सीसीटीवी फुटेज से फैली सनसनी
सूत्रों के मुताबिक, महमदपुर गांव के सीसीटीवी फुटेज में एक हल्की दाढ़ी वाला संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। वीडियो दो दिन पहले का बताया जा रहा है। इसमें दिख रहा है कि गांव में मुंडन संस्कार चल रहा था, तभी संदिग्ध युवक वहां पहुंचा। उसने ग्रामीणों से बातचीत की, खाना मांगा और पैसे देने की बात भी कही। उसकी भाषा और लहजा स्थानीय लोगों को पाकिस्तान जैसा लगा। बातचीत के बाद वह पैदल पिलखी पुल चौक की ओर निकल गया और फिर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों ने देरी से सूचना दी
ग्रामीणों के अनुसार युवक का बोलचाल बिल्कुल पाकिस्तानी लहजे जैसा था। लोगों को शक हुआ लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी देर से दी गई। तब तक संदिग्ध युवक लापता हो चुका था। इसी बीच यह वीडियो वायरल हो गया और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस की छानबीन और अलर्ट जारी
एसडीपीओ ईस्ट मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। वायरल वीडियो को सभी थानों और चौकियों पर भेजा गया है ताकि युवक की पहचान होते ही तत्काल सूचना मिल सके। आसपास के थानों और इलाकों में तलाशी अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: PM मोदी को अपशब्द के विरोध में भाजपा का हल्लाबोल, कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में घुसकर तोड़फोड़
पहले भी हुई थी आतंकियों की घुसपैठ की चर्चा
गौरतलब है कि इससे पहले मोतिहारी इलाके में पाकिस्तानी आतंकियों के घुसने की खबर सामने आई थी। वहां की पुलिस ने संदिग्ध आतंकियों की तलाश में इनाम की भी घोषणा की थी। अब मुजफ्फरपुर में संदिग्ध आतंकी की चर्चा ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।