बिहार के वैशाली जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया, जिसमें पीड़ित को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली है। सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के तोईमरू गांव के निवासी मुकेश कुमार ठाकुर के साथ 20 जनवरी 2025 को साइबर अपराधियों ने बड़ी धोखाधड़ी की। अपराधियों ने उनके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए उनके खाते से 74,984 रुपये की राशि निकाल ली।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना वैशाली ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस की सक्रियता और प्रभावी कार्रवाई के फलस्वरूप ठगी की गई राशि में से 72,984 रुपये को सफलतापूर्वक बरामद किया गया। बरामद की गई राशि को पीड़ित मुकेश कुमार ठाकुर को सौंप दिया गया है। यह मामला साइबर अपराध से निपटने में पुलिस की तत्परता और क्षमता को दर्शाता है।
इस संबंध में साइबर थाना अध्यक्ष चांदनी सुमन ने बताया कि फ्रॉड किए गए 72,984 को शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई के दौरान अकाउंट में होल्ड कर दिया गया था। जो आदेश आने के बाद फ्रॉड के सभी राशि को पीड़ित को सौंप दिया गया है। इसके बाद पीड़ित मुकेश कुमार ने साइबर थाने की पुलिस अधिकारी को धन्यवाद दिया है। साइबर थाना अध्यक्ष चांदनी सुमन ने बताया है कि साइबर थाने में एक क्रेडिट कार्ड से फ्रॉड करने का मामला सामने आया था, जिसमें साइबर हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देकर पैसे को होल्ड कराया गया था। अब वापस पैसा कंप्लेनर को मिल गया है।