नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली और पटना में प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा आहूत बिहार बंद के मद्देनजर वैशाली जिले के हाजीपुर शहर सहित विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। शनिवार सुबह से ही सदर एसडीओ राम बाबू बैठा, सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार तथा विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे। शहर के गांधी चौक, रामाशीष चौक, पासवान चौक और महात्मा गांधी सेतु (जढ़ुआ) सहित कई संवेदनशील स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
बंद के आह्वान को देखते हुए बढ़ाई गई व्यापक सुरक्षा
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि विभिन्न संगठनों द्वारा बिहार बंद के आह्वान को देखते हुए शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी बिहार बंद का आह्वान किया गया था। एहतियात के तौर पर शहर और महात्मा गांधी सेतु सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल किसी भी संगठन द्वारा जबरन बंद कराने की सूचना नहीं है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि सभी लोग अपनी बात लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, अफवाह या कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य आम जनता की सुरक्षा, जनजीवन की सामान्य व्यवस्था और आवश्यक सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना है। लोगों से संयम और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी वैध निर्देशों का पालन करें। यदि प्रदर्शन के लिए कोई निर्धारित स्थान और समय तय किया गया हो, तो उसका पालन करें। इसके अलावा एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा न डालें। सार्वजनिक और निजी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करें तथा प्रदर्शन स्थल पर स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। किसी भी समाचार या संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और चिकित्सा दल से तत्काल सहायता प्राप्त करें।
ये भी पढ़ें-
15 साल पहले पिता को खोया, अब विदेश में थम गईं बेटे की सांसें; दो महीने बाद पहुंचा पार्थिव शरीर
प्रदर्शन के दौरान क्या न करें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल न हों। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं के मार्ग में बाधा उत्पन्न न करें। सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार, ज्वलनशील पदार्थ या खतरनाक वस्तु अपने साथ न रखें। अफवाह, भ्रामक सूचना या भड़काऊ सामग्री का प्रसार न करें। किसी व्यक्ति, समुदाय या प्रशासनिक अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार या टकराव से बचें। सड़क, रेलवे ट्रैक या अन्य आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं को बाधित न करें। नशे की हालत में प्रदर्शन में शामिल न हों तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा दिए गए वैध निर्देशों का पालन करें।