लापता बालिका की तलाश में जुटी एसडीआरएफ और पुलिस टीम
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव में रविवार की सुबह गंगा नदी में स्नान करने गए दो मासूम भाई-बहन के डूबने से गांव में कोहराम मच गया। स्नान के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय आयुष कुमार का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि उसकी सात वर्षीय बहन अनुप्रिया कुमारी अब भी लापता है। दोनों अपने मां के साथ आस्था के पर्व ‘शनीचर-ऐतबार स्नान’ के अवसर पर गंगा घाट पर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- Bihar News: रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, पॉकेट से मिला आईडी कार्ड; हत्या की आशंका
घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से आयुष को किसी तरह नदी से बाहर निकाला गया और उसे इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन की तलाश में जुटी SDRF और पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही रुस्तमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए पटना से एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। नदी में बहन अनुप्रिया की तलाश युद्धस्तर पर जारी है। गंगा नदी के तट पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आंखों में चिंता लिए बहन की सलामती की दुआ कर रहे हैं। पुलिस ने आयुष के शव को कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवारवालों के अनुसार, आयुष और अनुप्रिया अपनी मां के साथ शनीचर और ऐतबार के विशेष पर्व पर गंगा स्नान के लिए गए थे। इस आस्था भरे स्नान ने पल भर में उनके जीवन को गम में बदल दिया। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा घाट पर न तो कोई सुरक्षा व्यवस्था थी और न ही प्रशासन की ओर से कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग। इसी लापरवाही ने दो मासूम जिंदगियों को निगल लिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सीवान में कड़ी सुरक्षा के बीच नीट-UG परीक्षा जारी, 10 केंद्रों पर 5,446 परीक्षार्थी दे रहे एग्जाम
रुस्तमपुर थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि जहांगीरपुर घाट पर स्नान के दौरान भाई-बहन डूब गए थे। आयुष को बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनुप्रिया की खोजबीन की जा रही है, एसडीआरएफ की टीम लगातार प्रयास में जुटी है।