हाजीपुर के सोनपुर में एक बार फिर नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। हरिहरनाथ ओपी क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर–सोनपुर को जोड़ने वाले पुल के नीचे गंगा नदी से पुलिस ने नवजात का शव बरामद किया है। सोमवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना डायल 112 को दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है।
पढ़ें- Bihar Crime: बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, दोस्तों पर हत्या की साजिश का आरोप
पहले भी हाजीपुर में मिल चुके हैं नवजात के शव
गौरतलब है कि जनवरी महीने में वैशाली जिले के हाजीपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर नवजात के शव मिल चुके हैं। पहला मामला स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के समीप सामने आया था, जबकि दूसरा शव हाजीपुर के पोखरा मोहल्ला से बरामद हुआ था। इन घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया था और हाजीपुर के कई अस्पतालों में छापामारी की गई थी। इस दौरान कई अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया और एक अस्पताल को सील भी किया गया था।
मामला शांत होते ही फिर सामने आई घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही मामला ठंडा पड़ा, स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता भी कम हो गई। अब हाजीपुर से सटे सोनपुर के गंगा नदी में नवजात का शव मिलने से एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि शव बरामदगी के मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।