पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश
- फोटो : Amar Ujala
बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने वंशवाद के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। किसी भी व्यक्ति का आकलन उसकी योग्यता के आधार पर होना चाहिए, न कि उसके परिवार, वंश या जाति के आधार पर।
गांव में लोगों से मुलाकात की
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश मंगलवार को अपने निजी कार्यक्रम के तहत वैशाली जिले के भगवानपुर प्रखंड स्थित हुसैन खुर्द पंचायत पहुंचे थे। यहां उन्होंने पंचायत के मुखिया शिव शंकर सुमन के गांव में लोगों से मुलाकात की और मीडिया से बातचीत की।
अंतिम चरण में पंचायत चुनाव की तैयारी
मंत्री ने इस वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर कहा कि निर्वाचन आयोग और पंचायती राज विभाग मिलकर चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि नया आरक्षण रोस्टर लागू किया जाना है, जिसके तहत सभी क्षेत्रों की जनसंख्या का प्रकाशन किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग और विभाग ने तैयारी पूरी की
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि यदि किसी को जनसंख्या आंकड़ों पर आपत्ति है, तो उसके लिए समय दिया गया है। सभी आपत्तियों के निपटारे के बाद 9 जून को अंतिम जनसंख्या प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद आरक्षण रोस्टर तैयार कर पंचायत चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए निर्वाचन आयोग और विभाग पूरी तैयारी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
Bihar News: मटकोर यात्रा का गजब नजारा! हल्दी रस्म में जेसीबी की हुई एंट्री, देखते रह गए लोग
सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति
बिहार में बढ़ते अपराध के सवाल पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि अपराधी पुलिस को चुनौती देंगे, तो पुलिस भी उन्हें करारा जवाब देगी।