मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। मृतक की पहचान गनियारी गांव निवासी 60 वर्षीय बैद्यनाथ साह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बैद्यनाथ साह रोजाना की तरह सुबह अपने खेत को देखने निकले थे और इसी दौरान शौच के लिए खेत के आगे स्थित बांका चौड़ की ओर गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे पानी में गिर पड़े। मृतक का एक पैर पैरालाइज्ड था, जिसके कारण वे खुद को पानी से बाहर नहीं निकाल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई। सुबह ग्रामीण जब खेत की ओर गए तो उन्होंने पानी में शव देखा और इसकी सूचना तुरंत स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।