शिक्षकों से रंगदारी मांगने के मामले की जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सीतामढ़ी जिले के सहियारा में एक स्कूल के सभी शिक्षकों से दो-दो लाख रुपये रंगदारी मांगी गई है। घटना सहियारा थानाक्षेत्र के श्री राम प्रसाद उच्च माध्यमिक विद्यालय पुरनहिया की है। जहां स्कूल की दीवार पर पर्चा चिपकाया गया है। पर्चा चिपका कर अपराधियों द्वारा स्कूल के शिक्षकों से रंगदारी मांगी गई है। घटना के बाद से स्कूल के शिक्षकों में दहशत का माहौल है। वहीं, सूचना पर सहियारा थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब सभी शिक्षक स्कूल पहुंचे तो उनकी नजर दीवार पर लगे पर्चे पर पड़ी। उसके बाद सभी के होश उड़ गए। एक दूसरे से घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे। वहीं, घटना से डरे शिक्षकों ने स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। वहीं, एसपी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। फिलहाल जांच चल रही है। प्रथम दृष्ट्या मामला असामाजिक तत्वों की शरारत का लग रहा है।
पर्चे में लिखा है कि इस स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और परिचारी को सूचित किया जाता है कि वे आज दो सितंबर 2024 को दो-दो लाख रुपये लेकर ठीक दो बजे फोर लेन (NH-22) पर साइकिल दुकान चौक के दाहिनी ओर 20 मीटर आगे लेकर आएंगे। सभी का पैसा लेकर आने वाला सिर्फ राम कृष्ण झा होगा और सभी शिक्षक-शिक्षिका और परिचारी अपने-अपने रुपये पर अपना-अपना नाम जरूर लिख दें। जो कोई भी पैसा नहीं देगा, उसे गोली मार दी जाएगी और फैमिली को भी दिक्कत हो सकती है। नोट- हमें आप सबसे कोई दुश्मनी नहीं है। लेकिन रुपये नहीं पहुंचे तो तुम लोगों के साथ तुम्हारे परिवार को भी दिक्कत हो सकती है।