मोतिहारी के सदर एसडीपीओ जितेश पांडेय के नेतृत्व में छह थानों की पुलिस ने उत्तरी मानसिंघा के मुखिया पति आजम खान के घर पर कुर्की की कार्रवाई की। इनके ऊपर सुगौली थाने में अवैध रूप से ऑर्म्स का प्रदर्शन करने और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की प्राथमिकी दर्ज है।
आजम खान के घर पर कुर्की की यह कार्रवाई सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में सुगौली, बंजरिया, छतौनी, मुफस्सिल और रघुनाथपुर की पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कुर्की की कार्रवाई के पहले पुलिस ने उनके गांव में माइकिंग किया और अभियुक्त के परिजनों और शुभचिंतकों से आजम खान को 20 मिनट के अंदर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की अपील की। नहीं करने की स्थिति में कुर्की की कार्रवाई करने की बात कही गई। लेकिन जब निर्धारित समय सीमा में आत्मसमर्पण नहीं किया तो पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू कर दी।
उनके घर पर बाहर से लोहे का लगा दरवाजा बंद था और उसमें ताला लगा हुआ था। वीडियो रिकॉर्डिंग के अंतर्गत बाहर का ताला तोड़ा गया। उसके बाद अंदर वाला दरवाजा भी बंद था, जिसको धक्का देकर तोड़ा गया। इसके बाद पुलिस बल घर के अंदर जाकर उनके घर में रखे सामानों को जब्त किया और थाने ले गई।
आजम खान के ऊपर मोहर्रम के अवसर पर अवैध शस्त्र प्रदर्शन की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें पुलिस को उनकी तलाश थी। इनको मुफस्सिल पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था और यह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए थे। इसके बाद भी इन्होंने न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया। कोर्ट ने उनके गिरफ्तार नहीं होने की स्थिति में कुर्की का वारंट निर्गत किया था। पुलिस कार्रवाई के दौरान यह भी अफवाह फैली कि यह आत्मसमर्पण करने जा रहा है। इस पर कुर्की की कार्रवाई भी कुछ देर के लिए रोक दी गई। लेकिन बाद मे कुर्की की कार्रवाई को जारी किया गया।