बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को अपने संवाद यात्रा कार्यक्रम के तहत मोतिहारी पहुंचे और महावीर विष्णु हाई स्कूल सेमरा तथा चैलाहा बाजार के मैदान में आयोजित सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री बंजरिया प्रखंड के वनस्पति माई स्थान के पास बने हेलीपैड से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सभा स्थल पहुंचे। थोड़ी देर बाद दूसरी हेलीकॉप्टर से सांसद डॉ. संजय जयसवाल भी हेलीपैड पर पहुंचे।
प्रशासन की मुस्तैदी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया। सुगौली और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। सभा स्थल, हेलीपैड और मुख्य मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहे। किसी भी अनहोनी की आशंका के चलते छपवा चौक से लेकर सभा स्थल तक जाने वाले रास्तों पर ड्रॉप गेट लगाए गए थे। प्रत्येक गेट पर दंडाधिकारी और पुलिस बल मौजूद थे और कड़ी जांच-पड़ताल के बाद ही आम लोगों को सभा स्थल तक जाने की अनुमति दी जा रही थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अधिकारियों ने हेलीपैड और आसपास के क्षेत्रों को अपने नियंत्रण में ले रखा था। सुरक्षा अधिकारियों की टीम हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थी और वरीय अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे।
यातायात बंद और आम लोगों की सीमित आवाजाही
सीएम के काफिले के मार्ग छपवा-मोतिहारी मुख्य मार्ग और सुगौली-वनस्पति बाईपास सड़क पर यातायात पूरी तरह से रोक दिया गया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही सड़क मार्ग आम वाहनों के लिए खोल दिया गया। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी और वरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही आसपास के गांवों से लोग भी भारी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे।
यह भी पढ़ें- Bihar News:वाल्मीकिनगर को 1100 करोड़ की सौगात, Cm नीतीश ने किया शिलान्यास, बोले- विकास से बदलेगी तस्वीर
चुनाव में 225 सीटें हासिल करने के लिए बना माहौल
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में 225 सीटों पर फिर से एनडीए की जीत के नारे लगाए गए। मोतिहारी के बंजरिया में हुए एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभा में अपने पिछले 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया और पूर्व लालू-राबड़ी सरकार की कमियों को भी उजागर किया।
नीतीश कुमार ने कहा कि पिछली सरकारों ने बिहार के लिए कुछ खास नहीं किया, जबकि उनकी सरकार ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास जैसे सभी क्षेत्रों में काम किया। उन्होंने जीविका दीदियों, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य सरकारी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर तबके के लोगों का समान विकास उनकी सरकार का लक्ष्य रहा है।
यह भी पढ़ें- बिहार में खादी को नई उड़ान:चरखा-करघा पर 90 फीसदी अनुदान, सस्ती ऋण सुविधा से ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार