वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर सैदपुर गांव में मंगलवार की शाम अपराधियों ने एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या का प्रयास किया। पीड़ित युवक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने इलाके में चल रहे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार का विरोध किया था। घटना 30 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे की है। गंभीर रूप से घायल पीड़ित सन्नी कुमार को पहले बिदुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर रेफर किया गया है।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि जब वह घर के दरवाजे पर बैठे थे, तभी गांव के ही मनोज राय, सोनू कुमार, सचिन कुमार, राहुल कुमार और रवि कुमार हथियारों से लैस होकर पहुंचे। आरोपियों ने उसका मुंह दबाकर पास के केले के बागान में ले जाकर बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान मनोज राय ने उसके मुंह में पिस्टल ठूंसकर जान से मारने की धमकी दी।
पढे़ं; बिहटा में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने साइकिल सवार बच्चे को कुचला; मौके पर मौत
सन्नी ने बताया कि मारपीट के दौरान सोनू कुमार ने उसकी जेब से ₹4500 लूट लिए, जबकि रवि कुमार ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली। जाते-जाते आरोपियों ने उसके पूरे परिवार को गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि ये सभी आरोपी गांजा और स्मैक की तस्करी करते हैं। दो दिन पहले उसने इस अवैध धंधे का विरोध किया था, जिसके बाद से ही आरोपी उसे धमका रहे थे। सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और ये पूर्व में भी नशीले पदार्थों के कारोबार में जेल जा चुके हैं। सन्नी कुमार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और स्वयं व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।