Bihar Crime News : बिहार के सीतामढ़ी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हत्या जैसे मामले थम नहीं रहे हैं। ऑटो ड्राइवर की हत्या करके शव को फेंक दिया गया है। पुलिस ने शव को बरामद करके जांच शुरू कर दी है।
बिहार के सीतामढ़ी जिले में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते दिनों हुई लगातार हत्याओं के बाद अब एक और हत्या का मामला सामने आया है। ताजा घटना पकड़ी इलाके की है, जहां शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक का शव लाकर फेंक दिया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
विज्ञापन
दीपक दो दिनों से लापता था
मृतक की पहचान बथनाहा निवासी ऑटो चालक दीपक कुमार (28 वर्ष), पिता गुनौर महतो, के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दीपक दो दिनों से लापता था और उसकी खोजबीन चल रही थी। इस दौरान परिजनों ने थाने में भी सूचना दी थी, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया। सुबह बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बसहा गांव से उसका शव बरामद किया गया। ग्रामीणों के अनुसार दीपक की हत्या कर उसके शव को रात के अंधेरे में पकड़ी के पास फेंक दिया गया।
आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। वहीं, घटनास्थल की जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिले में लगातार हो रही ह*त्याओं से लोगों के बीच दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
सीतामढ़ी में एक के बाद एक हत्या की घटनाओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज़गी जता रहे हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।