मुजफ्फरपुर जिले के सरैया अनुमंडल क्षेत्र के जैतपुर थाना अंतर्गत बुधवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन छिनतई के दौरान एयरफोर्स के जवान को गोली मार दी। घायल जवान की पहचान अभिषेक सिंह के रूप में हुई है, जो पारू थाना क्षेत्र के जयमल डुमरी गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में ग्वालियर में पदस्थापित हैं। हाल ही में 7 जून को उनकी शादी हुई थी और वे 14 दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे।
घटना के संबंध में बताया गया कि अभिषेक सिंह बुधवार को पत्नी के साथ बाइक से मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी के गले से चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें अभिषेक घायल हो गए।
वारदात के दौरान जवान की पत्नी ने अद्भुत साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए। गुस्साई पत्नी ने हेलमेट से बदमाश की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने भी बदमाश की धुनाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पढ़ें: कहलगांव में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में दो की मौत, दो घायल; पुलिस पहुंची
सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ और जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल जवान को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस संबंध में एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि चेन छिनतई का विरोध करने पर एयरफोर्स के जवान को गोली मारी गई। घटना में शामिल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।