बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा पर मंगलवार को मोतिहारी के केसरिया प्रखंड के सुंदरापुर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सुंदरापुर के उत्क्रमित उच्च विद्यालय के नवनिर्मित भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया। सीएम नीतीश कुमार ने अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया और 200 करोड़ रुपये की लागत से 105 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
सीताकुंड धाम के परिसर और संपर्क पथ का विकास किया जाएगा। इसके निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी।
मेहसी उज्हिलपुर पंचायत के इब्राहिमपुर ग्राम में बूढ़ी गंडक नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
चिरैया शांति चौक से भेलवा बाजार घोड़ासहन तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र की जनता के साथ-साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षुओं को यातायात में सुविधा मिलेगी।
गांधी उच्च विद्यालय, बड़हरवा लखनसेन का विकास किया जाएगा। इस स्थल पर चंपारण सत्याग्रह के दौरान महात्मा गांधी लगभग छह महीने तक ठहरे थे तथा उनके द्वारा प्रथम बुनियादी विद्यालय की स्थापना की गई थी। इसके विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
वर्तमान में केंद्र सरकार द्वारा रक्सौल एयरपोर्ट के विकास का काम किया जा रहा है। इसका और विस्तार होना चाहिए। इसके लिए जितनी भी जमीन की आवश्यकता होगी, राज्य सरकार उसे उपलब्ध कराएगी।
लाल-बकेया नदी पर बलुआ-गुआबारी के सामने RCC पुल का निर्माण किया जाएगा।