मुजफ्फरपुर जिले में पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज एक छात्र ने चूहे मारने की दवा खा ली। दवा खाने के बाद छात्र बेहोश हो गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मामला नगर थाना क्षेत्र के जवाहरलाल रोड का है। 19 वर्षीय छात्र ऋषभ कुमार को पढ़ाई नहीं करने पर उसकी मां ने डांट लगा दी थी। इससे नाराज होकर बेटे ने चूहे मारने की दवा खा ली, जिससे कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने गंभीर हालत में देर रात उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार, ऋषभ की मां ने परीक्षा नजदीक होने के कारण उसे खेलने से मना किया और पढ़ाई को लेकर डांट-फटकार लगाई। इसके बाद मां-बेटे के बीच कहासुनी हुई, जिससे नाराज होकर ऋषभ ने यह कदम उठाया।
अस्पताल में इलाज जारी
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ऋषि राजहंस ने बताया कि छात्र ने चूहे मारने की दवा खाई थी। ऋषभ की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। उसका बीपी काफी बढ़ा हुआ है और उसे उल्टी भी हो रही है। छात्र को बेहतर इलाज दिया जा रहा है, उम्मीद है कि वह जल्द ही स्वस्थ हो जाएगा।