Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सपरिवार पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। सीएम बनने के बाद वे लगातार एक्शन मोड में हैं और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठा रहे हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर सपरिवार पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय लोगों, भाजपा नेताओं और मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने किया जलाभिषेक
मुख्यमंत्री ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक कर विशेष पूजा की। इस दौरान उन्होंने बिहार की सुख-शांति, समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा का आशीर्वाद बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजू सिंह सहित एनडीए के कई विधायक और स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
डिप्टी सीएम रहते भी पहुंचे थे मंदिर
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी इससे पहले भी 25 नवंबर को, जब वे डिप्टी सीएम थे और गृह विभाग का कार्यभार संभालने के बाद, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे थे। तब भी उन्होंने बाबा का आशीर्वाद लेकर बिहार के विकास और तरक्की की कामना की थी। मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और बाबा का प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।
सीएम बनने के बाद एक्शन मोड में सम्राट चौधरी
हाल ही में लोक भवन में बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से सम्राट चौधरी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शपथ के तुरंत बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सख्त निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में शुक्रवार को उनके निर्देश पर हाजीपुर, छपरा समेत कई जिलों में डीएम और एसपी के नेतृत्व में मंडल कारा और अन्य संवेदनशील स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। हाजीपुर मंडल कारा में डीएम वर्षा सिंह और एसपी विक्रम सिहाग ने करीब दो घंटे तक औचक निरीक्षण किया।
बाबा हरिहरनाथ मंदिर का महत्व
सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर देश के प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है। मान्यता है कि यहां भगवान विष्णु और भगवान शिव हरिहर रूप में एक साथ विराजमान हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला आयोजित होता है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।