वैशाली: BPSC शिक्षिका प्रकरण में अब शिक्षिका गुंजन कुमारी का बयान सामने आया है। उन्होंने अपने पति अमन कुमार के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को आज तक साबित नहीं किया गया है। उनका कहना है कि वे चिल्ला-चिल्ला कर मीडिया में बयान नहीं दे रही हैं, बल्कि न्याय पाने के लिए अदालत का सहारा लिया है।
शिक्षा और संघर्ष की कहानी बताई
गुंजन कुमारी ने बताया कि इंटरमीडिएट के बाद उनकी शादी हुई थी और बाद में उन्होंने BA किया। इसके बाद B.Ed में दाखिले के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उनके पति और परिवार दोनों ने किसी न किसी रूप में मदद की, तब जाकर उन्होंने B.Ed पूरा किया। इसके बाद उन्होंने CTET और अन्य परीक्षाएं पास करने के लिए कड़ी मेहनत की और अंततः BPSC के जरिए शिक्षक बनीं।
पति पर लगाए आरोपों को किया खारिज
शिक्षिका ने कहा कि उनके पति यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने पढ़ाई के लिए जमीन बेची, लेकिन यह सच नहीं है। उनके अनुसार जमीन उनके पति ने अपने इलाज के लिए बेची थी, न कि उनकी पढ़ाई के लिए। उन्होंने कहा कि उनके पति बार-बार आरोप लगा रहे हैं लेकिन कोई भी आरोप अदालत में साबित नहीं कर पाए हैं।
नौकरी और पोस्टिंग को लेकर भी दी सफाई
गुंजन कुमारी ने बताया कि उनकी 2023 में सुपौल जिले में पोस्टिंग हुई थी, जहां वह अपने बच्चों के साथ रह रही थीं। उन्होंने कहा कि वह अकेले नहीं थीं और स्कूल में अपने कर्तव्यों का पालन कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ अफवाहें फैलाकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया और स्कूल से हटाने की कोशिश की गई।
बच्चे को लेकर भावुक अपील
शिक्षिका ने कहा कि उनका एक नाबालिग बच्चा है, जिसे उनसे दूर रखा जा रहा है। उन्होंने न्यायालय में बच्चे की कस्टडी के लिए आवेदन दिया है और मीडिया से भी सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि बच्चा उनके पास रहेगा तो वह खुद सच्चाई बता सकेगा।
ये भी पढ़ें: विधायक पप्पू पांडेय की बढ़ीं मुश्किलें! जमीन विवाद केस जांच अब CID के हाथों में, घेरे में कई बड़े नाम
तलाक और कोर्ट केस पर बयान
गुंजन कुमारी ने बताया कि उन्होंने अपने पति के खिलाफ तलाक की अर्जी अदालत में दाखिल की है और अपने पक्ष में सबूत भी प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति कोर्ट जाने के बजाय सड़क पर आरोप लगाकर माहौल बना रहे हैं, जबकि न्यायालय में ही सच्चाई सामने आएगी।
अफेयर के आरोपों को बताया झूठा
शिक्षिका ने कहा कि उनके पति द्वारा लगाए गए अफेयर के आरोप पूरी तरह गलत हैं। उन्होंने कहा कि उनके सहकर्मियों या किसी अन्य व्यक्ति के साथ केवल पेशेवर बातचीत होती है, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति बार-बार अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं और लोगों को बदनाम कर रहे हैं। गुंजन कुमारी ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और वे चाहती हैं कि मामला कानून के दायरे में ही सुलझे। उन्होंने दोहराया कि बिना सबूत के लगाए गए आरोपों को वे स्वीकार नहीं करतीं और सच्चाई जल्द सामने आएगी।