अस्पताल में प्रदर्शन करते मृतका के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बेतिया में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई है। इसके बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाया। यह घटना जिले के योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। मृतका की पहचान पिपरिया गांव निवासी खोबारी चौधरी की पत्नी मैना देवी (23) के रूप में की गई है।
मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात एएनएम ने पैसों की मांग की थी। साथ ही परिजनों ने बताया कि जच्चा-बच्चा की मौत हो जाने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि मैना की दो बेटियां और एक बेटा है। चौथा प्रसव होने वाला था।
इधर, योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर पदाधिकारी डॉ. अब्दुल गनी ने बताया कि पिपरिया गांव निवासी खोबारी चौधरी की पत्नी मैना देवी को प्रसव पीड़ा हुई। उसके बाद योगापट्टी सीएचसी में उसे भर्ती कराया गया था। उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जीएमसीएच रेफर कर दिया था। साथ ही परिजनों ने एएनएम पर अवैध उगाही और लापरवाही का आरोप लगाया। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई तय है।
वहीं, थानाध्यक्ष कंचन कुमार भास्कर ने बताया कि मृत महिला के परिजनों ने करीब दो घंटे तक सीएचसी के मुख्य द्वार पर शव को रख कर प्रदर्शन किया। परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।