फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: जमीन विवाद की जांच करने गई पुलिस पर हमला, SI समेत 3 जवान घायल; गांव बना रणक्षेत्र

Wed, 27 May 2026 07:35 PM IST
Ashutosh Pratap Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बेतिया

सार

पश्चिम चम्पारण के बेतिया स्थित शिकारपुर थाना क्षेत्र के मढ़िया गांव में भूमि विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हुए हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
विज्ञापन
जमीन विवाद की जांच करने गई पुलिस पर हमला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम चम्पारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवरिया पंचायत के मढ़िया गांव में भूमि विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हुए इस हमले में एक सब-इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
विज्ञापन


रास्ते पर कब्जे और पेड़ काटने की थी शिकायत

जानकारी के अनुसार मढ़िया गांव निवासी पार्वती देवी ने शिकारपुर थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी कि कुछ लोगों ने उनके घर के सामने स्थित रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया है। आरोप यह भी था कि वहां लगे आम समेत आधा दर्जन पेड़ों को काट दिया गया है। इसी मामले की जांच और सत्यापन के लिए एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे।

वीडियोग्राफी के दौरान पहुंची भीड़

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर रही थी और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के दर्जनों महिला और पुरुष लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि लोगों ने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। महिला गार्ड संध्या कुमारी का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, हालांकि बाद में उसे वापस कर दिया गया।
विज्ञापन


ईंट-पत्थर से हमला, सरकारी वाहन भी किया क्षतिग्रस्त

कुछ ही देर बाद उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। इस हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद, महिला गार्ड संध्या कुमारी और सिपाही अभिषेक कुमार घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस के सरकारी वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे पंचर भी कर दिया।

ये भी पढ़ें-  पटना की मंडी में भीषण आग, कपूर और पूजा सामग्री की दुकान जलकर खाक; लाखों का नुकसान
विज्ञापन


16 नामजद और 20 अज्ञात पर केस दर्ज

नरकटियागंज SDPO जय प्रकाश सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें