दूदू कर जलते दोमंजिला मकान - फोटो : अमर उजाला
बेतिया शहर के जनता सिनेमा चौक पर सोमवार की देर शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक दोमंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में घर के भीतर फंसी एक बुजुर्ग महिला की झुलसने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। जनता सिनेमा चौक स्थित जितेन्द्र प्रसाद के दोमंजिला मकान में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे घर के अंदर मौजूद लोग जान बचाकर बाहर निकलने लगे। इसी दौरान घर की सबसे बुजुर्ग सदस्य, 80 वर्षीय गुलायची देवी, आग की चपेट में आ गईं और बाहर नहीं निकल सकीं।
दमकल ने निकाला बाहर
आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर में फंसी बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल GMCH ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुलायची देवी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
BPSC TRE 4: खरमास बाद TRE 4 की वैकेंसी के लिए अधियाचना भेजेगा शिक्षा विभाग; मंत्री सुनील कुमार कर दी घोषणा
आग लगने के कारणों की जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।