पश्चिमी चम्पारण जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय ने आवास योजना के सर्वे को हर हाल में 31 मार्च तक पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है। डीएम ने सुदूरवर्ती पिपरासी एवं मधुबनी प्रखंड का गुरुवार को भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान क्रियान्वित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का जांच किया और विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण भी किया। औचक निरीक्षण के क्रम में डीएम ने पिपरासी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय पहुंचे और उन्होंने विभिन्न कक्षों में जाकर अधिकारियों एवं कर्मियों से पूछताछ की। इसके साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आवास सर्वे का कार्य 31 मार्च तक हर हाल में पूर्ण कर लेना है। आवास सर्वे के दौरान एक भी पात्र व्यक्ति का नाम छुटना नही चाहिए, ख़ासकर अनुसूचित जाति और निचले तबके के लोगों के उपर इसका विशेष ध्यान रखना है। उन्होंने पिपरासी प्रखंड कार्यालय में आवास सर्वे, षष्टम/पंद्रहवीं वित्त आयोग की योजनाएं, विकास मित्र की नियुक्ति, डब्लूपीयू, पंचायत सरकार भवन, मनरेगा, खेल मैदान आदि के कार्य प्रगति की समीक्षा की। वही कैश बुक, उपस्थिति पंजी, बायोमेट्रिक एटेंडेंस सहित कार्यालय प्रबंधन के बारे में जानकारी प्राप्त किये और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने सांख्यिकी पदाधिकारी की अनुपस्थित रहने पर मांगा स्पष्टीकरण
निरीक्षण के क्रम में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने को गम्भीरता से लेते हुए डीएम ने उनका वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण की मांग करने का निर्देश दिया ।
जनवितरण प्रणाली दुकान का भी डीएम ने किया निरीक्षण
जनवितरण प्रणाली दुकान का भी डीएम ने जांच किया। साथ ही एमओ को कई आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से जविप्र दुकानों का गहनता के साथ निरीक्षण करें। लाभुकों को समय पर सही मात्रा में खाद्यान्न मिले, इसे सुनिश्चित कराएं। शत प्रतिशत लाभुकों का केवाईसी और आधार सीडिंग हो, जो लोग ई केवाईसी नहीं कराएंगे उनका नाम राशन कार्ड से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।वही मनरेगा योजनाओ के निरीक्षण के दौरान मानक की कमी को देखते हुए सहायक अभियंता मनरेगा को निर्देश दिया कि क्रियान्वित योजनाओं का लगातार निरीक्षण एवं अनुश्रवण करें। मानक के अनुरूप कार्य कराएं। इसके पश्चात जिलाधिकारी पिपरासी पीएचसी पहुंचे और ओपीडी, दवा भंडार कक्ष, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण किया और सिविल सर्जन सहित एमओआईसी को आवश्यक निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नीतू प्रकाश, चिकित्सक के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थिति पर उनका वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन में शिथिलता के लिए स्वास्थ्य प्रबंधक प्रियेश कुमार जायसवाल से स्पष्टीकरण की मांग करने का निर्देश दिया । इसके पश्चात जिलाधिकारी प्रखंड संसाधन केंद्र, पिपरासी तथा थाना, पिपरासी पहुंचे और संबंधित पदाधिकारियों को कई निर्देश दिये। इसी क्रम में जिलाधिकारी पिपरासी अवस्थित निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन पहुंचे और योजना का निरीक्षण किये। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को निर्धारित मानक के अनुरूप ससमय निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
इधर जिलाधिकारी मधुबनी प्रखंड कार्यालय पहुंच विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा किये। साथ ही पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर उप विकास आयुक्त, श्री सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, कुमार रविन्द्र, अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा, गौरव कुमार सहित अन्य स्थानीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, अभियंता आदि उपस्थित रहे।