घटनास्थल पर उमड़ी पर भीड़ - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
बिहार में विवाह के मंडप पर अचानक अफरातफरी का माहौल हो गया। दुल्हन ने शादी के मंडप पर शादी करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारात आये सभी लोगों को बंधक भी बना लिया। मामला बेतिया के नरकटियागंज नगर अंतर्गत वार्ड संख्या 9 का है।
दुल्हन ने शादी करने से किया इनकार
इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार देर रात बरात आई थी। उदय साह की बेटी नेहा की शादी रामनगर बेलासपुर निवासी सुभाष साह के बेटे हिमांशु साह से तय हुई थी। उदय साह ने बेटी की शादी के लिए कर्ज लेकर 4.50 लाख रुपये नकद दहेज दिया। शादी में कुल साढ़े दस लाख रुपये खर्च किए। 7 मार्च को विजय भवन, शिवगंज में भव्य बारात आई। वरमाला समेत सभी रस्में शुरू हुईं। कन्या निरीक्षण के दौरान दूल्हे के पिता ने दहेज के 10 हजार रुपये बकाया होने पर पहले खाना खाने से इनकार कर दिया। बाद में नकली आभूषण थमा दिए। जब इस बात की जानकारी लड़की को मिली, तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया।
बारात को बनाया बंधक
लड़की पक्ष ने दूल्हे के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह इंजीनियर नहीं है। उसके पिता भी किसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में संवेदक नहीं हैं। शनिवार सुबह विवाद बढ़ गया। लड़की पक्ष ने दूल्हे और उसके रिश्तेदारों को होटल से पकड़कर घर लाकर बंधक बना लिया है। शादी में खर्च हुए रुपये की मांग करने लगे है। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। वही करीब दो घंटे बाद घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने बंधकों को छुड़ाया। मामले की पूछताछ कर रही है। वही नगर के कुछ सामाजिक लोग पंचायती कर मामले को सुलझाने में जुटे हैं। वही पुलिस भी मामलें की जांच पड़ताल कर रही है।
वही इस घटना में लड़की पक्ष ने दूल्हा समेत बारातियों को बंधक बना लिया है।