मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच कर रही टीम ने सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
दिलीप वर्मा को मुजफ्फरपुर स्थित उनके आवास से सोमवार की सुबह गिरफ्तार किया गया। वर्मा की गिरफ्तारी के साथ ही सीबीआई ने मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर की सबसे बड़ी राजदार कही जाने वाली मधु कुमारी के दो रिश्तेदारों को भी हिरासत में लिया है। इसके साथ ही केंद्रीय जांच एजेंसी ने मधु की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी तेज कर दी है। रिश्तेदारों से मधु के ठिकानों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि मुजफ्फरपुर स्थित बालिका गृह में रहने वाली 30 से ज्यादा लड़कियों के साथ यौन शोषण का खुलासा हुआ था। मामले में शेल्टर होम के संचालक ब्रजेश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया था। वहीं राज्य की समाज कल्याण मंत्री के पति पर भी गंभीर आरोप लगे थे जिसके बाद उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।