फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वंदे भारत के खाने की क्वालिटी पर सवाल: यात्री को परोसी गई दाल में मिले कीड़े, शिकायत पर क्या बोले कर्मचारी?

Fri, 20 Nov 2026 06:28 PM IST
मुंगेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंगेर

सार

जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसी गई दाल में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। यात्री ने खाना खाने से इनकार कर दिया और भूखे ही सफर पूरा किया। शिकायत के बाद मालदा रेलमंडल ने हावड़ा डिवीजन के सीनियर डीसीएम से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
विज्ञापन
खाना में मिला कीड़ा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश की प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस में खान-पान की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं। जमालपुर से हावड़ा जा रही ट्रेन में एक यात्री को परोसी गई दाल में कीड़ा मिलने का आरोप है। यात्री ने जब ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों से शिकायत की तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नतीजा यह हुआ कि यात्री और उनकी मां ने खाना खाने से इनकार कर दिया और पूरे सफर में भूखे रह गए। मामले की शिकायत रेलवे हेल्पलाइन पर भी की गई है। अब रेल प्रशासन ने जांच और कार्रवाई के लिए संबंधित डिवीजन को पत्र लिखा है।
विज्ञापन


दाल में कीड़ा देखकर मां-बेटे ने छोड़ा खाना
पीड़ित यात्री मृणाल सेन गुप्ता के मुताबिक, वह गुरुवार को अपनी मां सुदीपा सेनगुप्ता के साथ जमालपुर स्टेशन से हावड़ा जाने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दोनों सी-5 कोच में यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उन्होंने चावल, दाल और सब्जी का ऑर्डर दिया।

खाना मिलने के बाद जब उन्होंने दाल देखी तो उसमें कीड़ा तैरता हुआ नजर आया। यह देखकर दोनों हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने खाना खाने से इनकार कर दिया। यात्री का आरोप है कि ट्रेन में परोसे गए भोजन की इस स्थिति ने उन्हें काफी परेशान किया।
विज्ञापन


शिकायत पर कर्मचारियों ने नहीं दी राहत
मृणाल सेन गुप्ता ने बताया कि दाल में कीड़ा मिलने के बाद उन्होंने ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों से शिकायत की। हालांकि, उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। यात्री के अनुसार, कर्मचारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वे कुछ नहीं कर सकते। उन्हें विकल्प के तौर पर स्नैक्स खाने की सलाह दी गई। यात्री और उनकी मां ने भोजन नहीं किया और हावड़ा तक का सफर भूखे ही पूरा किया। मृणाल ने रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनके मुताबिक तत्काल कोई राहत नहीं मिली।

मालदा रेलमंडल ने हावड़ा डिवीजन से मांगी जांच
मामले पर मालदा रेलमंडल के सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने बताया कि संबंधित ट्रेन का प्रबंधन हावड़ा डिवीजन के अधीन है। इसलिए वहां के सीनियर डीसीएम से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में कीड़ा मिलने की शिकायत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। मामले में संबंधित कैटरिंग व्यवस्था की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।

प्रीमियम ट्रेन में खाने की गुणवत्ता पर उठे सवाल
इस घटना के बाद वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और उसकी निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन में भोजन उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि इस तरह की शिकायतों की नौबत न आए।
यात्रियों ने मामले में जिम्मेदार कैटरिंग एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई और भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की मांग की है। फिलहाल रेलवे की ओर से जांच के लिए संबंधित डिवीजन को आग्रह भेजा गया है। जांच के नतीजे और आगे की कार्रवाई पर यात्रियों की नजर रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें