डीजे के साथ निकाली गई शव यात्रा
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित चंद्र टोला निवासी 55 वर्षीय सब्जी विक्रेता वीडियो मंडल की रविवार देर रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। मंगलवार को उनकी अंतिम यात्रा डीजे, ढोल-नगाड़ों, अबीर-गुलाल और नाच-गाने के बीच निकाली गई, जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। रास्ते भर बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा को देखने के लिए जुटे और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो भी बनाया।
आंधी-बारिश के बाद बिगड़ी थी तबीयत
परिजनों के अनुसार, वीडियो मंडल लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। रविवार रात आंधी और बारिश के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन काला पत्थर के समीप रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
सब्जी बेचकर चलाते थे परिवार, पीछे छोड़ गए पत्नी और बेटी
वीडियो मंडल पेशे से सब्जी विक्रेता थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और करीब 20 वर्षीय एक बेटी है। ग्रामीणों का कहना है कि घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। ऐसे में उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
डीजे, ढोल-नगाड़ों और अबीर-गुलाल के साथ दी अंतिम विदाई
मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। शव वाहन के आगे डीजे बज रहा था और ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग नाचते हुए चल रहे थे। कई लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर दिवंगत को अंतिम विदाई दी। लाल दरवाजा सहित विभिन्न इलाकों से गुजरने के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। राहगीर भी रुककर इस अनोखी अंतिम यात्रा को देखते रहे।
यह भी पढ़ें:
कायस्थ को ही बांकीपुर से भाजपा ने उतारा, मगर नाम चौंकाने वाला; कौन हैं BJP प्रत्याशी अभिषेक?
मिलनसार स्वभाव के कारण उमड़ा जनसैलाब
ग्रामीण अजय मंडल और सुलों मंडल ने बताया कि वीडियो मंडल बेहद मिलनसार और मेहनती व्यक्ति थे। उनके अच्छे व्यवहार के कारण गांव ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।