सीमित संसाधनों के बीच खेल के मैदान पर मेहनत कर मुकाम हासिल करने वाली तेघड़ा प्रखंड की बरौनी-एक पंचायत की जानवी कुमारी ने बेगूसराय का नाम रोशन किया है। यमुना भगत स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाली जानवी का चयन बिहार जूनियर महिला फुटबॉल टीम में हुआ है।
उसके चयन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, जूनियर बालिका फुटबॉल टीम के लिए नौ अगस्त को यमुना भगत स्टेडियम में ट्रायल आयोजित किया गया था। इसमें पूरे बिहार से करीब 140 खिलाड़ी शामिल हुई थीं। ट्रायल के बाद 40 खिलाड़ियों का चयन फुटबॉल कैंप के लिए किया गया।
बेगूसराय फुटबॉल संघ की ओर से 27 अगस्त से पांच सितंबर तक यमुना भगत स्टेडियम में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कैंप की देखरेख बेगूसराय फुटबॉल संघ के सचिव सह बिहार फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने की। कैंप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 20 खिलाड़ियों का चयन बिहार टीम के लिए किया गया, जिसमें बेगूसराय की जानवी कुमारी भी जगह बनाने में सफल रही।
मां के संघर्ष के बीच बेटी ने हासिल की उपलब्धि
पारिवारिक संघर्ष के बावजूद जानवी ने खेल के प्रति अपनी लगन को कमजोर नहीं होने दिया। जानवी ने बताया कि उसने करीब एक वर्ष पहले खेलो इंडिया से प्रेरित होकर फुटबॉल खेलना शुरू किया था। इसके बाद वह यमुना भगत स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने के साथ कड़ी मेहनत करती रही। उसकी मेहनत का परिणाम अब बिहार टीम में चयन के रूप में सामने आया है।
जानवी का घर बरौनी-एक पंचायत के वार्ड नंबर आठ में यमुना भगत स्टेडियम के पीछे है। स्टेडियम में वर्तमान में करीब 100 बच्चे प्रतिदिन फुटबॉल का अभ्यास करते हैं। बताया जाता है कि यमुना भगत स्टेडियम से हर वर्ष खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों तक पहुंचते हैं। यहां पिछले 33 वर्षों से महिला फुटबॉल का प्रशिक्षण और अभ्यास जारी है।
'यह बेगूसराय के लिए गौरव की बात'
महिला फुटबॉल बेगूसराय के संयोजक संजीव कुमार मुन्ना ने जानवी के बिहार टीम में चयन की जानकारी देते हुए कहा कि यह बेगूसराय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जानवी आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेगी।
बिहार जूनियर महिला फुटबॉल टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आंध्र प्रदेश के अनंतपुर पहुंच चुकी है। टीम का पहला मुकाबला 11 सितंबर को झारखंड की टीम से होगा। जानवी के चयन से उसके परिवार के साथ-साथ खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में भी उत्साह है।