मुजफ्फरपुर जिले में मादक पदार्थ गांजा की बड़ी खेप बरामद की गई है। जब्त गांजे की कीमत करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये आंकी जा रही है। एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
एनसीबी की ओर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने तुर्की थाना क्षेत्र में एक कंटेनर को पकड़ा। कंटेनर में करीब 990 किलोग्राम गांजा लदा हुआ था। टीम ने कंटेनर संख्या BR 21G C 2912 को जब्त कर लिया है। मामले में पकड़े गए दोनों कंटेनर चालकों से एनसीबी की टीम पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे मुजफ्फरपुर में किसे पहुंचाया जाना था। बताया जा रहा है कि तस्कर गांजे की खेप को मुजफ्फरपुर में किसी बड़े सप्लायर तक पहुंचाने की तैयारी में थे। इसी दौरान एनसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
पूरे मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि एनसीबी की सूचना पर कार्रवाई की गई है। तुर्की थाना क्षेत्र में एक बड़े कंटेनर से करीब एक हजार किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है, जो पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं।