बिहार के मुंगेर जिले से एक बड़ी और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सफियासराय थाना में पदस्थापित एसआई चंदन कुमार की पत्नी 29 वर्षीय मधु कुमारी ने कथित तौर पर उनके सर्विस रिवॉल्वर से खुद के सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
किराये के मकान में हुई घटना
बताया जा रहा है कि चंदन कुमार अपनी पत्नी के साथ सफियासराय थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे। शनिवार की शाम मधु कुमारी ने कथित रूप से चंदन कुमार के सर्विस रिवॉल्वर से अपने सीने में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत मुंगेर के इमरजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे एसपी
घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
ये भी पढ़ें:
टंकी फुल कराने आए बदमाशों ने मचाया तांडव, पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मारकर लूटे 18 हजार
पति-पत्नी विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामला सर्विस रिवॉल्वर से जुड़ा है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।