मिड डे मील पर लापरवाही पड़ी भारी।
- फोटो : अमर उजाला
मुंगेर में मिड-डे मील (एमडीएम) योजना में अनियमितता के एक गंभीर मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर के प्रधानाचार्य संजीव कुमार को निलंबित कर उनका तबादला टेटिया बंबर प्रखंड में कर दिया गया है। इसकी जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कुणाल गौरव ने दी।
डीईओ ने बताया कि विद्यालय में एमडीएम वितरण के दौरान प्रधानाचार्य द्वारा बच्चों को दिए जाने वाले अंडे को हाथ में देकर फोटो खिंचवाने के बाद वापस ले लिया गया था। मामले के संज्ञान में आने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने जांच कर प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। वहीं, स्थलीय निरीक्षण के दौरान भी अनियमितताएँ पाई गईं।
45 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे
निलंबन अवधि के दौरान प्रधानाचार्य का मुख्यालय टेटिया बंबर प्रखंड शिक्षा कार्यालय निर्धारित किया गया है। उनके विरुद्ध गठित आरोपों की सुनवाई के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), मुंगेर को संचालन पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, संग्रामपुर को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी नामित किया गया है। यह अधिकारी 45 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
ये भी पढ़ें- Dr. Prem Kumar : बिहार विधानसभा अध्यक्ष बने डॉ. प्रेम कुमार किस वर्ग से हैं? जानें, चुनाव से पहले क्या कहा था
इस बीच विद्यालय का प्रभार वरीय शिक्षक उपेंद्र कुमार को दे दिया गया है। डीईओ कुणाल गौरव ने कहा कि शिक्षा विभाग की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के मामलों पर अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाता रहेगा।