न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया
- फोटो : अमर उजाला
यहआतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले में गिरफ्तार तारापुर निवासी मोहम्मद सद्दाम को गहन पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बिहार एटीएस समेत अन्य केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियों ने उससे कई चरणों में पूछताछ की है। अब जांच एजेंसियां उसे रिमांड पर लेकर उसके संपर्कों, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की गहराई से पड़ताल करने की तैयारी में जुट गई हैं। इस मामले में पुलिस की नजर अब सबसे अधिक सद्दाम के मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों पर टिकी है।
मोबाइल की फोरेंसिक जांच से मिल सकते हैं अहम सुराग
तारापुर पुलिस ने सद्दाम से जुड़ी अब तक की सभी जानकारियां पुलिस अधीक्षक के माध्यम से दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भेज दी हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल की फोरेंसिक जांच से कई अहम सुराग मिल सकते हैं। इसके लिए मोबाइल को फोरेंसिक साइंस लैब भेजने की तैयारी की जा रही है। मोबाइल में मौजूद सोशल मीडिया चैट, कॉल डिटेल, इंटरनेट गतिविधियां, फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल डाटा की बारीकी से जांच होगी। अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पाकिस्तानी गैंगस्टर से संपर्क की जांच तेज
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सद्दाम का पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कई वर्षों से संपर्क था। दोनों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार बातचीत होने की बात जांच में सामने आई है। अब सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह संपर्क केवल ऑनलाइन बातचीत तक सीमित था या इसके जरिए किसी बड़े नेटवर्क का संचालन भी किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें:
कायस्थ को ही बांकीपुर से भाजपा ने उतारा, मगर नाम चौंकाने वाला; कौन हैं BJP प्रत्याशी अभिषेक?
संभावित नेटवर्क और अन्य संपर्कों की पड़ताल जारी
जांच एजेंसियों को आशंका है कि सद्दाम अकेले इस नेटवर्क से नहीं जुड़ा था, बल्कि वह अन्य युवाओं को भी अपने संपर्क में लाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने किन-किन लोगों से संपर्क किया और उसके प्रभाव में आने वाले लोगों की संख्या कितनी है। हालांकि, अब तक स्थानीय स्तर पर किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गहन जांच में जुटी हैं।