मानसिक विक्लांग युवती को खंभे से बांधकर पीटते लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर के ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने एक युवती को चोर समझकर उसे बिजली के खंभे से बांधकर पीट दिया। इस दौरान कुछ लोग युवती से मारपीट का वीडियो भी बना रहे थे। इसी बीच पुलिस को मामले की भनक लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की, जिसमें पीड़ित युवती मानसिक विक्लांग पाई गई।
जानकारी के मुताबिक, ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 05 निवासी सनोज कुमार के ई रिक्शा की बैट्री निकालकर चोर सुबह के समय ट्रॉली पर रखकर भाग रहे थे। लोगों ने यह देख शोर मचाया तो चोर ट्रॉली छोड़कर भाग गए। लेकिन ट्रॉली के पास खड़ी एक युवती को मोहल्ले के लोगों ने पकड़ लिया और उसे बिजली के खंभे से बांधकर पिटाई कर दी। वहीं, कुछ लोग युवती की पिटाई का वीडियो बनाने लगे। इसकी जानकारी 112 नंबर डायल कर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने युवती को पकड़कर ईस्ट कॉलोनी थाना पुलिस को सौंप दिया।
ईस्ट कॉलोनी थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती मानसिक रूप से विक्लांग है। पूछताछ के बाद युवती को छोड़ दिया गया। वहीं, चोरों द्वारा चोरी कर ले जाई जा रही ई रिक्शा की बैट्री भी बरामद कर ली गई है। चोर की पहचान को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।