पत्नी के साथ युवक शशि शर्मा (मृतक)
- फोटो : फाइल फोटो
मुंगेर जिले के शामपुर थानाक्षेत्र के गोबड्डा पंचायत के शिवपुर लौगांय गांव में 25 वर्षीय युवक शशि शर्मा की कुएं में डूबने से मौत हो गई। शशि शर्मा हाल ही में अपनी शादी के बाद दिल्ली लौटने की तैयारी कर रहा था। इस दुखद घटना ने उसके परिजनों और गांव वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रिश्तेदार के यहां गया था युवक
जानकारी के मुताबिक, शशि शर्मा अपने छोटे भाई बिट्टू और बहनोई ललन कुमार के साथ गुरुवार को मंदारी गांव में एक रिश्तेदार से मिलने गया था। लौटते समय रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह एक गहरे कुआं में गिर गया। बहनोई ललन कुमार ने ग्रामीणों की मदद से शशि को कुएं से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हवेली खड़गपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
25 नवंबर को हुई थी शादी
शशि शर्मा दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था और अपनी शादी के लिए घर आया था। उसकी शादी 25 नवंबर को बांका जिले के झिकुलिया पंचायत में महेश शर्मा की बेटी प्रियंका कुमारी से हुई थी। शादी के महज एक हफ्ते बाद इस हादसे ने परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया।
दिल्ली लौटने की थी तैयारी
मृतक के बहनोई ललन कुमार ने बताया कि शादी के बाद शशि और परिवार के अन्य सदस्य शनिवार को दिल्ली लौटने वाले थे। दिल्ली में वह और शशि साथ में फर्नीचर बनाने का काम करते थे। गुरुवार को यात्रा से पहले रिश्तेदारों से मिलने गए थे, जहां यह हादसा हो गया।
परिवार और गांव में शोक
शशि की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसके परिजन और गांव के लोग गहरे शोक में हैं। परिवार वालों का कहना है कि यह घटना उनके लिए असहनीय है, क्योंकि शादी के कुछ ही दिनों बाद उनके घर में मातम छा गया।
वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट में यह हादसा बताया गया है।