मुंगेर के धरहरा थानाक्षेत्र में सरपंच के बेटे का शव पहाड़ी जंगल में पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान दक्षिणी धरहरा पंचायत धरहरा निवासी सरपंच सह सरपंच संघ अध्यक्ष राकेश रंजन उर्फ कालीचरण के बेटे इंद्रजीत प्रताप बर्मन उर्फ बुधी (22) के तौर पर हुई है।
बताया जा रहा है कि पहाड़ के किनारे पेड़ लगा रहे मजदूर ने शव देखा तो ग्रामीणों को सूचना दी। घटना सरपंच के घर से थोड़ी ही दूरी पर घटी। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची।
मृतक के पिता सरपंच राकेश रंजन ने बताया कि मेरा बेटा रविवार की देर शाम से गायब था। इसको लेकर सोमवार को धरहरा थाना पुलिस को जानकारी दी थी। आज गांव के मजदूर ने सूचना दी कि आपके बेटे का शव पेड़ पर लटका हुआ है। उसके बाद हम लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि रविवार को हम भोज खाने गांव में गए थे। भोज खाकर घर पहुंचे तो मेरा छोटा बेटा घर में नहीं था। जब देर रात वह घर नहीं लौटा तो उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद था। घर वालों ने बताया कि किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह घर में किसी को बताकर निकल गया था।
उन्होंने कहा कि रात तक जब घर नहीं आया तो इसको लेकर सोमवार को धरहरा थाने को आवेदन दिया था। उसके बाद आज उसका शव पेड़ पर लटका मिला। सरपंच ने बताया कि बेटे के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। जिस गमछे से पेड़ पर उसकी फांसी लगाकर हत्या की गई, वह उसका अपना गमछा नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे की हत्या हुई है और पुलिस इसकी जांच करे।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही धरहरा थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। उसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।