मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दशरथी गांव में रविवार को जमीनी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दीवार निर्माण को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी और तनाव का माहौल कायम हो गया।
कई घायलों की हालत गंभीर
घायलों में कृषनंदन विंद, बाल्मीकि विंद, सावन कुमार, तितरी देवी और रणवीर कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा से सदर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं मंती देवी, राजा कुमार, रौशन कुमार, हीरालाल विंद और मदन विंद का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
दीवार निर्माण को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, घर के समीप दीवार निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। प्रारंभिक कहासुनी धीरे-धीरे बढ़ती गई और बाद में हिंसक रूप ले बैठी। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पढ़ें- Bihar News: 8वीं की छात्रा लापता, पिता के नाम मिला नोट; परिजनों ने स्कूल के शिक्षक पर लगाए गंभीर आरोप
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही धरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और आगे की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में दोनों पक्षों के आरोपों को दर्ज कर जांच की जा रही है।
तीन लोगों की हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के मदन विंद और कारे विंद तथा दूसरे पक्ष के राजा कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।