मुंगेर में होली पर्व के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटरिया पंचायत अंतर्गत नया टोला दरियारपुर पासवान टोला गांव में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि कटरिया गांव से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सड़क से गुजरने वाले राहगीरों की बाइक की चाबी छीनकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय कुछ युवक घर के सामने डीजे बजाकर डांस कर रहे थे। पुलिस द्वारा समझाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई और टीम वहां से लौट गई।
कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर अचानक पथराव कर दिया
इसी बीच शाम के समय क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) उसी रास्ते से गुजर रही थी। तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर अचानक पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिस जवान घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद सहित मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के बाद हमले में शामिल 24 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। बीती रात पुलिस ने गांव में छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
न्याय की गुहार लगाई
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि देर रात भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा और घर-घर तलाशी के दौरान महिला, पुरुष और बच्चों के साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने एक गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट की। पीड़ित महिलाओं ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।