बिहार के मुंगेर में जमालपुर किऊल रेलखंड के धरहरा रेलवे स्टेशन पर उस समय का तफरी मच गई, जब जमालपुर किऊल पैसेंजर (03488) ट्रेन की गार्ड बोगी में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। घटना मसूदन रेलवे स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद हुई।
ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद जैसे ही गाड़ी ने रफ्तार पकड़ी अचानक से जोरदार आवाज हुई। आवाज सुनकर सभी यात्री डर गए। थोड़ी ही देर में गार्ड बोगी से धुंआ का गुबार उठने लगा और आसपास फैलने लगी। लोगों को सांस लेने में कठिनाई होने लगी। मुंगेर के उपेंद्र प्रसाद और जमालपुर के चुनचुन कुमार यात्रियों ने बताया कि गार्ड ने जैसे ही ट्रेन रोकी सभी यात्री कूदकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आईं।
वहीं, ट्रेन रुकने के बाद गार्ड ने जांच की तो पाया कि जेनरेटर रूम के सीबी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई है। गार्ड ने काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने के दौरान घटनास्थल के पास खेत में काम कर रहे किसानों ने भरपूर सहयोग किया। सीबी बॉक्स के अंदर आग लगने के कारण अग्निशमन यंत्र अंदर पहुंच नहीं पा रहा था। किसानों ने कचिया से बॉक्स के ऊपरी हिस्से को जैसे तैसे काटा। तब जाकर आग पर काबू पाया गया।
इसके बाद ट्रेन को धरहरा रेलवे स्टेशन लाया गया। गार्ड और चालक द्वारा आधे घंटे तक जांच पड़ताल करने के बाद ट्रेन को जमालपुर स्टेशन ले जाया गया। स्टेशन प्रबंधक प्रफुल कुमार ने बताया कि सीबी बॉक्स में आग लगने की घटना हुई है। ट्रेन चालक ने मामले को काबू में बताया है। इस दौरान अप से आने वाली ट्रेन को डाउन लाइन से परिचालन किया गया।