मुंगेर के जमालपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते 10 दिनों के भीतर हुई दो बड़ी वारदातों ने न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया है, बल्कि आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ा दी है।
पुलिस अधिकारी के घर में चोरी से फैली सनसनी
रविवार देर रात थाना क्षेत्र के दौलतपुर स्थित वी-मार्ट गली में जमालपुर थाना के अपर थाना अध्यक्ष टीपू सुल्तान के बंद पड़े मकान में चोरी की घटना सामने आई। इस घटना ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस अधिकारी का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
अधिकारी आवास वाले इलाके में अपराधियों की खुली चुनौती
चर्चा का विषय यह भी है कि जिस इलाके में चोरी की घटना हुई, वहां कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के आवास भी स्थित हैं। इसके बावजूद अपराधियों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है।
रेलकर्मी पर फायरिंग मामले में भी नहीं मिली सफलता
वहीं, कुछ दिन पहले रामपुर कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर में घुसकर एक रेलकर्मी को गोली मारकर घायल करने की घटना में भी पुलिस अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। लगातार हो रही घटनाओं और गिरफ्तारी में हो रही देरी से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
ये भी पढ़ें:
ट्रेन में सीट को लेकर हुआ विवाद बना मौत का कारण! बीच-बचाव करने पहुंचे ऑटो चालक को उतारा मौत के घाट
अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण की उठी मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में शराब कारोबारियों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।